Monday, January 20, 2014

सोनभद्र : अफसर जल्दी नहीं उठाते फोन

शासन का निर्देश हवा-हवाई, हर काल रिसीव करने का है आदेश

 

अफसर जल्दी नहीं उठाते फोन

 
सोनभद्र। नक्सल प्रभावित जिले के अधिकतर अफसर सीयूजी नंबर पर काल पहली बार में रिसीव नहीं करते। शासन का निर्देश है कि अधिकारी हर समय सीयूजी नंबर आन रखें और आने वाली हर काल रिसीव करें। व्यस्त रहने की दशा में अधिकारी काल बैक करें। डीएम भी अधीनस्थों को निर्देश जारी कर चुके हैं। बावजूद इसके डीएम और उनके अफसर शायद ही पहली बार में फोन उठाते हा? शनिवार की रात ‘अमर उजाला’ ने प्रशासन एवं पुलिस से जुड़े अधिकारियों के नंबर डायल किए तो हकीकत सामने आ गई। कुछ ने पहली बार में फोन उठाया तो डीएम से लगायत अन्य से बात करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
डीएम चंद्रकांत को ‘अमर उजाला’ कार्यालय के नंबर से 7.31 फिर 8.08 और 9.00 बजे फोन किया गया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। आधे घंटे बाद दूसरे नंबर से मोबाइल मिलाया गया तो डीएम ने रिसीव किया। सीडीओ महेंद्र सिंह को 7.36 से 8.30 बजे के बीच कई बार फोन किया गया मगर उनसे बात नहीं हो सकी। पहले वेटिंग, बाद में नाट रिचेबल, करीब आधे घंटे बाद उनसे संपर्क हो सका। डीडीओ आरएन सिंह को 7.38 से 9.40 बजे तक अलग अलग नंबरों से फोन मिलाया गया मगर एक भी काल को उन्होंने रिस्पांस नहीं दिया। डीएसओ एपी सिंह के मोबाइल पर 7.39 बजे से 9.14 बजे तक कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। नंबर बदलकर फोन मिलाने पर उन्होंने रिसीव किया। डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह का नंबर 7.53 से 8.30 के बीच तीन बार मिलाया गया लेकिन व्यस्त का उत्तर आता रहा। बाद में काल बैक तक नहीं आई। सीओ पिपरी प्रमोद यादव का 8.06 से 8.30 के बीच कई बार फोन मिलाया गया और हर बार उनका सीयूजी फोन स्विच आफ मिला।
इनका पहली बार में उठा फोन
 
सोनभद्र। एडीएम मनीलाल यादव को 7.33 बजे मोबाइल मिलाया तो रिसीव हो गया। एसडीएम राजेंद्र त्रिपाठी का फोन पहली बार डायवर्ट आया। दूसरी बार 8.16 बजे बात हुई। बताया कि लखनऊ से लौट रहे हैं। एसडीएम दुद्धी अमित कुमार का फोन 7.41 बजे पहली काल पर उठ गया। जिस-जिस बिंदु पर बात की गई, तसल्ली से जवाब मिला। एसडीएम घोरावल हर्षदेव पांडेय का फोन 7.50 बजे पहली काल में रिसीव हो गया। 7.55 बजे सीएमओ डा. रामअवध यादव ने पहली बार में मोबाइल उठा लिया। सीओ नगर देवेश शर्मा को 7.58 बजे फोन किया गया। सीओ ओबरा/दुद्धी अनिल यादव ने 8.01 बजे पहली काल में फोन रिसीव किया। सीओ सदर सितांशु यादव ने 8.03 बजे फोन उठाया। बताया इलाके में सब शांति है। एसपी रामबहादुर यादव को 8.50 पर मोबाइल मिलाया गया। फोन रिसीव हुआ, बोले कि छुट्टी पर हैं। बाकी सब ओके है।
जनप्रतिनिधि भी पाए गए उदासीन
 
सोनभद्र। जनपद के चारों विधायकों के सीयूजी नंबर पर भी फोन किया गया। 8.15 बजे राबर्ट्सगंज विधायक अविनाश कुशवाहा को फोन किया गया तो उन्होंने रिसीव किया। 8.18 पर घोरावल विधायक रमेश दूबे का सीयूजी कवरेज क्षेत्र से बाहर था। 8.20 बजे दुद्धी विधायक रूबी प्रसाद ने फोन उठा लिया और बताया कि वे दिल्ली में हैं। सांसद पकौड़ी लाल के दोनों नंबर पर कई बार काल किया गया पर एक भी बार उन्होंने रिस्पांस नहीं दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता राकेश के मोबाइल पर कई बार घंटी गई, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। ओबरा विधायक सुनील सिंह यादव को 8.31 बजे फोन किया गया तो उन्होंने काट दिया। सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायक ने काल बैक करने की जरूरत नहीं समझी।
 
काल बैक करने का फरमान भी बेअसर साबित
कई बार प्रयास पर डीएम ने रिसीव किया फोन
सभी अधिकारियों को हर काल अटेंड करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। मैं कर्मचारियों की बैठक ले रहा था। इस नाते फोन उठाने में देरी हुई है। बाकी जिन-जिन अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया है, उनसे जवाब तलब करेंगे। -
 
चंद्रकांत, जिलाधिकारी सोनभद्र।

No comments:

Post a Comment